Top News

Agra Crime News : एक गलती ने खोला करोड़ों की चोरी का राज, शातिर नौकरानी परिवार संग करती रही गहनों की तस्करी

क्राइम ब्यूरो - सचिन सिंह चौहान 

आगरा। (Agra Crime News) हरीपर्वत थाना क्षेत्र के ओल्ड विजयनगर स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में रहने वाले स्कूल संचालक अनिल कुमार कौशिक के घर हुई करोड़ों रुपये के जेवरों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में घर में काम करने वाली नौकरानी चांदनी, उसकी मां इमला, बहन संजना और भाभी पूजा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 80 लाख रुपये मूल्य के जेवर और सोने के सिक्के बरामद किए हैं।
Agra Crime News
Agra Crime News

पुलिस सत्यापन न कराने का खामियाजा; 24 घंटे में खुलासा, 80 लाख रुपये के जेवर बरामद, चार महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, शनिवार को अनिल कुमार कौशिक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर की अलमारी से बड़ी मात्रा में जेवर गायब हैं। जांच के दौरान बेड पर जेवरों के खाली बैग मिलने से चोरी का संदेह गहरा गया। परिवार का कहना था कि घर में हमेशा कोई न कोई सदस्य मौजूद रहता था और नौकरानी के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति की कमरों तक पहुंच नहीं थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुला पूरा खेल

जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में नौकरानी चांदनी कूड़ा लेकर बाहर जाती और एक महिला को कूड़े के डिब्बे से सामान सौंपती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली।

कूड़े में छिपाकर बाहर पहुंचाए जाते थे जेवर

पूछताछ में सामने आया कि चांदनी लंबे समय से मौका मिलते ही अलमारी से जेवर निकालती थी। वह उन्हें कूड़े में छिपाकर बाहर ले जाती, जहां पहले से मौजूद उसकी मां, बहन या भाभी जेवर लेकर चली जाती थीं। इसके बाद वह वापस फ्लैट में काम पर लौट आती थी, जिससे किसी को उस पर शक न हो।

एक गलती से खुला पूरा राज

शनिवार को जल्दबाजी में चांदनी अलमारी से जेवर निकालने के बाद खाली बैग बेड पर ही छोड़ गई। यही छोटी सी गलती उसके पूरे गिरोह के लिए भारी पड़ गई। स्कूल संचालक की नजर खाली बैग पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत अलमारी की जांच की और चोरी का खुलासा हो गया।

पुलिस की अपील

एसीपी हरिपर्वत ने बताया कि चारों आरोपिताओं को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपित महिलाओं पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में नौकर या कर्मचारी रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

أحدث أقدم