Top News

आगरा: आवास विकास सेक्टर-6 में सीवर संकट से त्रस्त लोगों का अनोखा विरोध, घरों पर लगाए 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर

ब्यूरो रिपोर्ट ,सचिन सिंह चौहन
आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-6 (वार्ड-47) में सीवर लाइन चोक होने से लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र का दौरा करने पर गलियों में गंदा पानी भरा मिला, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से नाराज़ लोगों ने अपने घरों पर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सीवर ओवरफ्लो और जलभराव से नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग, सांसद-विधायक और मेयर से पूछा—"समस्या का समाधान करें या हमारा मकान खरीद लें


स्थानीय लोगों ने पोस्टरों पर सांसद एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और मेयर हेमलता दिवाकर की तस्वीरें भी लगाई हैं। उनका कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान नहीं करा सकते, तो वे उनका मकान खरीद लें या एक दिन इस गंदगी के बीच रहकर देखें।

क्षेत्र निवासी मोहन सिंह, महेश (पुत्र तुकाराम), सुनीता उपाध्याय और चंपा (पत्नी प्रताप) ने बताया कि पिछले दो से तीन महीनों से घरों के सामने सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। बदबू, मच्छरों और गंदगी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक, मेयर और सीएम पोर्टल सहित कई स्तरों पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

इस समस्या का सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ रहा है। क्षेत्र की बच्ची पीहू ने बताया कि वह स्कूल जाने और बाहर खेलने तक में परेशानी महसूस करती है। कुछ दिन पहले उसकी सहेली सौम्या ट्यूशन से लौटते समय कीचड़ में फिसलकर घायल हो गई थी। पीहू ने बताया कि उसकी तबीयत भी खराब है और डॉक्टर ने डेंगू की आशंका जताई है। ब्लड जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सीवर और गंदगी के कारण कोई गंभीर बीमारी फैलती है या कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सीवर व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने