संजय कुमार साहू , झांसी
झांसी के रामराजा दवा बाजार स्थित महेश मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी की घटना के पीड़ित व्यापारी विजय बरसैंया ने अपनी आपबीती से सबक लेते हुए अन्य व्यापारियों की सुरक्षा के लिए एक विशेष जागरूकता पोस्टर तैयार किया है।
व्यापारी ने बताया कि दवा बाजार में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी ने सिर पर हेलमेट, शरीर पर बुर्का नुमा ड्रेस, हाथों में ग्लव्स और पैरों में मोजे पहनकर अपनी पहचान पूरी तरह छिपा ली थी। इसी कारण पुलिस को उसकी पहचान करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
इसी अनुभव से सीख लेते हुए विजय बरसैंया ने ऐसा सुरक्षा पोस्टर तैयार किया है, जिसे बाजारों और प्रतिष्ठानों के बाहर लगाया जा सकता है, ताकि कोई भी व्यक्ति चेहरा पूरी तरह ढककर दुकान में प्रवेश न कर सके।
इस संबंध में झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष साहू के नेतृत्व में महेश मेडिकल एजेंसी के संचालक विजय बरसैंया, जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल (रज्जू भैया), महामंत्री नितिन मोदी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष चौधरी फिरोज, मिशन कंपाउंड ग्वालियर रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवान्शु श्रीवास्तव (काके) तथा यश जायसवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चोरी की घटना के खुलासे की प्रगति की जानकारी लेने के साथ-साथ सुरक्षा पोस्टर के उद्देश्य से भी उन्हें अवगत कराया।
एसएसपी ने पहल की सराहना, बाजारों में पोस्टर लगाने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित व्यापारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अपनी व्यक्तिगत पीड़ा को समाज की सुरक्षा से जोड़ना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने विभाग और व्यापार मंडल से आपसी सहयोग के माध्यम से इस सुरक्षा पोस्टर को बाजारों के प्रतिष्ठानों के बाहर लगाने की अपील की, ताकि चेहरा छिपाकर दुकानों में प्रवेश करने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
एक टिप्पणी भेजें