आगरा के सिकंदरपुर गांव में प्रेमी युगल की मौत से हड़कंप, होटल में युवक की मौत के बाद घर में युवती का शव मिला
क्राइम ब्यूरो - सचिन सिंह चौहान आगरा
आगरा। आगरा में एक प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। होटल में युवक की मौत के बाद उसकी प्रेमिका ने भी अपने घर में जान दे दी। घटना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर की है, जहां एक युवती का दूसरे समाज के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
होटल में युवक की मौत
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को गांव निवासी प्रवीण पुत्र राजवीर एसडी लावानिया होटल में गंभीर हालत में मिला था। उसे उपचार के लिए एस.एन. मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए होटल पहुंचा था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, होटल में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवती वहां से चली गई। कुछ समय बाद युवक की हालत गंभीर मिली। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
प्रेमी की मौत की खबर से सदमे में आई युवती
प्रवीण की मौत की खबर उसकी 20 वर्षीय बताई जा रही प्रेमिका तक पहुंची तो वह गहरे सदमे में आ गई। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात युवती ने अपने घर में आत्महत्या कर ली
गुरुवार सुबह जब युवती कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर वह मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
होटल को लेकर ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने संबंधित होटल की भूमिका और वहां हुई घटनाओं की जांच कराने की मांग प्रशासन से की थी। अब युवती की मौत के बाद पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो मौतों से गांव में मातम । एक ही घटना से जुड़े बताए जा रहे दो लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। परिवार में वृद्ध मां और भाभी मौजूद हैं, जबकि युवती का भाई बाहर काम करता है।
एसीपी जसवीर सिंह सिरोही के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती की मौत प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
एक टिप्पणी भेजें