क्राइम ब्यूरो - सचिन सिंह चौहान | आगरा
आगरा : चूड़ी कारोबारी के 16 साल के बेटे की 45 फीट ऊंची जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा कि नाबालिग जिप लाइन झूले से जैसे ही दूसरे छोर की तरफ बढ़ा, उसके सेफ्टी बेल्ट का हुक खुल गया और नीचे गिर गया। उसकी माता-पिता के सामने तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना शहर के ताजगंज में रविवार को हुई। कुनाल अग्रवाल माता-पिता के साथ फिरोजाबाद से आगरा घूमने आया था।
जानकारी के अनुसार, कुणाल अपने परिवार के साथ फिरोजाबाद से आगरा के ताजगंज क्षेत्र कि चौपाटी घूमने आया था,जहां कुणाल जिप लाइनिंग झूले का आनंद ले रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में कुणाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच में कई बड़ी लापरवाहियां सामने आई हैं।
सेफ्टी हुक मजबूत नहीं था।
किशोर को हेलमेट नहीं दिया गया था।
नीचे सुरक्षा जाल मौजूद नहीं था।
मौके पर प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि हेलमेट और सुरक्षा जाल मौजूद होता तो जान बचाई जा सकती थी।
जिप लाइन में एक तरफ से दूसरी तरफ तार के सहारे पहुंचाया जाता है। जिस हुक के सहारे किसी व्यक्ति को लटकाया जाता है, वो मजबूत होना चाहिए। इसके साथ ही इसके नीचे मजबूत जाल होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति गिर जाए तो इसकी वजह से बच सकता है। कुनाल को जिप लाइन के लिए हेलमेट भी नहीं दिया गया था। अगर हेलमेट होता तो सिर जमीन से टकराने पर बचाव हो सकता था। उसकी जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद चौपाटी में प्राथमिक इलाज की कोई व्यवस्था नहीं थी। पुलिस ने भी जांच में मानकों में कमी की बात स्वीकार की है।
परिवार के साथ घूमने आया था किशोर
फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल ने बताया- मेरे दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कुनाल 11वीं में पढ़ता था। छोटा बेटा मयंक है। संडे होने के चलते फैमिली के साथ आगरा आए थे। सुबह पहले खाटू श्याम मंदिर गए। वहां से गोल्ड सिनेमा में फिल्म देखी। इसके बाद ताजगंज की चौपाटी पर शाम 5 बजे पहुंचे।
कुनाल को एडवेंचर का शौक था। जिप लाइन को देखकर वह जिद करने लगा। कहने लगा कि उसे भी जिपिंग करनी है। मैंने हामी भर दी। हमने 400 रुपए की टिकट खरीदी। जब वह जिप लाइन पर जाने लगा तो छोटे भाई मयंक से बोला- तुम मेरा वीडियो बनाते रहना। मयंक ही कुनाल का वीडियो बना रहा था।
पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे, बोले- दोषियों के खिलाफ एक्शन लेंगे
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या लापरवाही की वजह से।
पर्यटकों की भीड़ के बीच हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गर्मी के माैसम में चाैपाटी आने वाले पर्यटकों की संख्या शाम के समय अधिक रहती है। एक के बाद एक लोगों को जिप लाइन पर एडवेंचर का अनुभव कराया जाता है। हादसे ने सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी। अगर पहले से जांच की जाती तो यह हादसा नहीं होता। मानकों की तरफ संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी ध्यान नहीं दिया।
एक टिप्पणी भेजें