Top News

100 की रफ्तार में दौड़ रही रोडवेज बस के निकले पहिए, 3 बार पलटी; 10 यात्री घायल

क्राइम ब्यूरो - सचिन सिंह चौहान,आगरा 
आगरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा क्षेत्र के अरतौनी स्थित शेरजंग दरगाह के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से दौड़ रही रोडवेज बस के अचानक दो पहिए निकल गए, जिससे बस अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी और डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसे में बस की छत उखड़ गई और सीटें सड़क पर बिखर गईं। 10 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बस के पलटते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल यात्री मदद के लिए पुकारते रहे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। बाद में उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन की मदद से बस हटाने के बाद सामान्य कराया गया।

अस्पताल में स्ट्रेचर न मिलने का आरोप

घायल बस परिचालक रूपेंद्र ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें समय पर स्ट्रेचर नहीं मिला। घायल होने के बावजूद उन्हें स्वयं पैदल चलकर इमरजेंसी से बेड तक जाना पड़ा। अन्य घायलों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

यात्रियों का दावा- ड्राइवर को आ रही थी झपकी

बस में सवार यात्रियों ने पुलिस को बताया कि चालक बस को अत्यधिक तेज गति से चला रहा था। यात्रियों के अनुसार हादसे से करीब 10 किलोमीटर पहले भी बस कई बार दुर्घटना का शिकार होते-होते बची थी। उन्होंने चालक को सावधानी बरतने की सलाह दी थी, लेकिन उसने गति कम नहीं की। यात्रियों का दावा है कि चालक को झपकी भी आ रही थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।


हादसे में घायल यात्रियों में धर्मप्रकाश सिंह, चंद्रवती, रूपेंद्र (परिचालक), लक्ष्मी देवी, जितेंद्र, कन्हैया, अरविंद कुमार, सचिन, श्यामवती और मोहित शामिल हैं। सभी का उपचार एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायलों में आगरा, इटावा, खेरागढ़ और फिरोजाबाद के निवासी शामिल हैं।
मेटा विवरण: आगरा-दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा क्षेत्र में रोडवेज बस के दो पहिए निकलने से बड़ा हादसा हो गया। बस तीन बार पलटी, 10 यात्री घायल हुए और चालक मौके से फरार हो गया।

Post a Comment

और नया पुराने