Top News

झांसी व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक संपन्न, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को शुरू होगी ‘व्यापारी चेतना चौपाल'

रिपोर्ट - संजय कुमार साहू 
झांसी। झांसी व्यापार मंडल उ.प्र. रजि. की कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के छोटे-बड़े सभी व्यापारियों के मान-सम्मान, स्वाभिमान तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष संतोष साहू ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति और आर्थिक विकास में व्यापारी समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। व्यापारी वर्ग न केवल राजस्व का प्रमुख स्रोत है, बल्कि प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ भी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशा भी व्यापारियों को भयमुक्त, पारदर्शी एवं सुगम व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने की है, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिले और प्रदेश की समृद्धि को नई दिशा प्राप्त हो।
व्यापारी चेतना चौपाल


इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए झांसी व्यापार मंडल द्वारा जनपद के विभिन्न बाजारों में ‘व्यापारी चेतना चौपाल’ कार्यक्रम की श्रृंखला प्रारंभ किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के तहत संगठन के पदाधिकारी विभिन्न बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों की स्थानीय प्रशासनिक एवं व्यावसायिक समस्याओं का सीधे संकलन करेंगे तथा उनके समाधान का प्रयास करेंगे।

बैठक में बताया गया कि व्यापार संचालन के दौरान व्यापारियों को कई तकनीकी, नीतिगत एवं विधिक विभागों से समन्वय स्थापित करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्रीय व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा पूर्व में समस्याओं से अवगत कराने पर संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को भी चौपाल में आमंत्रित किया जाएगा। इससे व्यापारियों की शंकाओं एवं भ्रांतियों का निराकरण होगा, सरकारी योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध होगी तथा कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान संभव हो सकेगा।


संगठन ने बताया कि व्यापारियों की गंभीर समस्याओं के निराकरण हेतु जिलाधिकारी द्वारा भी सहयोग का आश्वासन दिया गया है। प्रथम व्यापारी चेतना चौपाल का आयोजन 5 जून 2026 को रामलीला मंच, बड़ा बाजार में किया जाएगा। चौपाल का समय दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
संगठन की ओर से बताया गया कि झांसी जनपद के किसी भी बाजार में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु चौपाल आयोजित कराने के लिए संगठन के मोबाइल नंबर 94500 78035 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में संरक्षक प्रकाश गुप्ता, चेयरमैन मनमोहन गेड़ा, प्रभारी राजेंद्र अग्रवाल, संयोजक पीयूष रावत, उपाध्यक्ष अविनाश माते, फाइनेंस प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सीए रचित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश मानकानी, मिशन कंपाउंड ग्वालियर रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवांशु श्रीवास्तव (काके), सीपरी बाजार व्यापार महासमिति (रजि.) के अध्यक्ष उदय सोनी, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा (मोटे), बुंदेलखंड शटरिंग संगठन के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण साहू, महामंत्री दीपक साहू, हलवाई एंड कैटर्स संगठन के महामंत्री विजय गुप्ता, युवा जिला महामंत्री राजा खटीक, रामबाबू साहू, प्रेमनगर-नगरा व्यापार मंडल प्रभारी केदारनाथ राय, किराना बाजार व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र बुटोलिया, नगर उपाध्यक्ष पारस साहू, प्रदीप महाजन (टीटू) सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने