Top News

मरघट का रास्ता बंद होने से निर्माण कार्य बाधित, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

लहचूरा (जालौन)। जालौन जनपद की ग्राम पंचायत लहचूरा में स्थित सरकारी मरघट तक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग के अवरुद्ध होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रास्ते पर लगाए गए अवरोध के कारण न केवल आवागमन प्रभावित हुआ है, बल्कि शासन से स्वीकृत मरघट निर्माण कार्य भी बाधित हो गया है।

लहचूरा ग्राम पंचायत में सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध का आरोप, स्वीकृत मरघट निर्माण कार्य अटका


ग्रामीणों के अनुसार मरघट की भूमि गाटा संख्या 260 में स्थित है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि वर्षों से ग्रामीण गाटा संख्या 410 (नाला की पार/पुठा) एवं गाटा संख्या 262 से लगे सार्वजनिक मार्ग का उपयोग मरघट तक पहुंचने के लिए करते रहे हैं। लेकिन वर्तमान में उक्त मार्ग पर जाली लगाए जाने से आवागमन बंद हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण अंतिम संस्कार के लिए मरघट तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मरघट निर्माण के लिए शासन स्तर से धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

ग्राम प्रधान अनिल कुमार एवं ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मरघट निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि का लाभ गांव को नहीं मिल पाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक मार्ग को तत्काल खुलवाया जाए तथा मरघट निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और सरकारी योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

Post a Comment

और नया पुराने