Top News

सरूरपुर कलां में केवलज्ञान कल्याणक पर समवशरण की भव्य रचना देख भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। 

जनपद बागपत के सरूरपुर कलां गांव में चल रहे श्रीमज्जिनेन्द्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ के अंतर्गत गुरुवार को केवलज्ञान कल्याणक का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम आचार्य श्री विनिश्चयसागर जी मुनिराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। महोत्सव के अंतर्गत प्रातःकाल से लेकर सायंकाल तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी श्रृंखला चली। कार्यक्रम की शुरुआत अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य पूजन से हुई। 

इसके पश्चात तपकल्याणक पूजन, हवन, मंगल प्रवचन, महामुनि आदिनाथ आहार चर्या, मंत्राराधना तथा अधिवासना पूजा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने तिलक दान, मुखोद्घाटन, नेत्रोनमीलन, मंत्रन्यास एवं प्राण प्रतिष्ठा जैसे पवित्र अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। दोपहर बाद केवलज्ञानोत्पत्ति, समवशरण रचना, चतुर्निकाय के देवों का आगमन एवं केवलज्ञान पूजा जैसे दिव्य आयोजनों ने वातावरण को धार्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। 

संध्या के समय महाआरती, शास्त्र सभा, पात्र सम्मान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और अधिक भव्यता प्रदान की। केवलज्ञान कल्याणक में यज्ञनायक बनने का सौभाग्य सरूरपुर कलां निवासी लक्ष्मी जैन एवं प्रदीप जैन को प्राप्त हुआ, जबकि समवशरण उद्घाटनकर्ता बनने का सौभाग्य सदर मेरठ निवासी गरिमा जैन, मृदुल जैन, नंदिनी जैन एवं वंदित जैन को मिला। वहीं असम के जागी रोड मोरीगांव से पहुंचे अकोला जैन, संजय कुमार जैन, कशिश जैन एवं क्रिश जैन सामग्री प्रदाता रहे। 

इस अवसर पर मुख्य प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी नमन भैया, सह प्रतिष्ठाचार्य पंडित पवन दीवान, पंडित सुलभ, पंडित जयकुमार, पंचकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष नवीन जैन, महामंत्री प्रवीण जैन, कोषाध्यक्ष मनीष जैन, सह कोषाध्यक्ष विपिन जैन, उपमंत्री आशीष जैन सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य, महामहिम राष्ट्रपति जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, आशु जैन कॉस्मेटिक वाले, लकी जैन, तन्मय जैन, अनमोल जैन, गौरव जैन, सचिन जैन, विपिन जैन उर्फ बॉबी, मेघा जैन, पिंकी जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पंचकल्याणक में धर्मलाभ प्राप्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने