ब्यूरो रिपोर्ट - सचिन सिंह चौहान
आगरा: ताजनगरी आगरा के ग्रामीण क्षेत्र मलपुरा में मंगलवार सुबह एक अत्यंत दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। मलपुरा थाना क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में एक ट्रैक्टर आटा चक्की फटने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दरवाजे पर बैठे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।मृतक की पहचान 60 वर्षीय बेताल उर्फ सूखा पुत्र नेकराम के रूप में हुई है, जो अपने भाई अजय पाल के दरवाजे पर बैठे थे। घायलों में चक्की मालिक भूपेंद्र सिंह, प्रमोद, साध्वी, गोपाल, भूदेवी और पवन शामिल हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अजय पाल के दरवाजे पर रास्ते में खड़ी एक ट्रैक्टर आटा चक्की में हुई। चक्की आटा पीस रही थी, तभी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। चक्की के पत्थर के टुकड़े हवा में उड़ने लगे, जिनकी चपेट में आने से बेताल सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे में अजय पाल का दरवाजा भी टूट गया और एक मवेशी की भी पत्थर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मलपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि आटा चक्की फटने की इस घटना के बाद बाई खेड़ा गांव और आसपास के इलाकों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि दूर तक आवाज सुनाई दी थी।
एक टिप्पणी भेजें